logo

मंत्री इरफान अंसारी पहुंचे बाबा दुखिया मंदिर, कहा- ये स्थान झारखंड की अमूल्य धरोहर, विकास को मिलेगी नई पहचान

IRFAAN9.jpg

जामताड़ा 
राज्य के ऐतिहासिक और आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा दुखिया मंदिर को झारखंड की अमूल्य धरोहर बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह गर्व की बात है कि यह पवित्र स्थल उनके विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में स्थित है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष मकर संक्रांति के अवसर पर करमदहा (कर्मधाम) में लगने वाले मेले में देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा दुखिया मंदिर में मत्था टेकने पहुंचते हैं।
डॉ. इरफान अंसारी ने स्वयं बाबा दुखिया मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और झारखंड, देश तथा जामताड़ा के लिए अमन, चैन, शांति और आपसी सौहार्द की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा दुखिया मंदिर की कृपा उनके जीवन में सदैव बनी रही है। विधायक बनने से पहले भी वे नियमित रूप से यहां आते रहे हैं और मंत्री बनने के बाद भी उसी श्रद्धा के साथ बाबा के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज कर्मधाम पूरे झारखंड में अपनी पहचान बना चुका है। क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं दी गई हैं और आने वाले समय में यहां भव्य हेरिटेज कॉटेज का निर्माण कराया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकें।


डॉ. अंसारी ने भाजपा नेताओं से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भाईचारा, प्रेम, मोहब्बत और शांति ही समाज को मजबूत बनाते हैं। किसी भी धर्म या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाना गलत है। उन्होंने कहा कि वे अल्पसंख्यक समुदाय से होने के बावजूद सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और बिना भेदभाव सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मधाम मेला सिर्फ मेला नहीं, बल्कि आस्था का बड़ा केंद्र बन चुका है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि बाबा दुखिया मंदिर में सच्चे मन से मांगी गई मन्नतें पूरी होती हैं, यही कारण है कि इसकी पहचान झारखंड ही नहीं, बल्कि देश-विदेश तक फैल चुकी है।


मेले के दौरान डॉ. अंसारी ने मेला समिति को बेहतर व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया और श्रद्धालुओं की सुविधा, सम्मानजनक व्यवहार, भीड़-प्रबंधन के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अव्यवस्था पर कड़ी निगरानी के सुझाव दिए। उन्होंने जिला प्रशासन और मेला समिति के सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, मंत्री के सलाहकार निशपटी हसदा, बीरबल अंसारी, गुल मोहम्मद, मुखिया नुनु लाल सोरेन, जबर अहमद अंसारी, कमल अंसारी, मुबारक अंसारी, हरधन महतो, मुन्ना मंडल, बबलू तिवारी, रविदास, ब्लू देवी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद थे।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest